Neha Kakkar Post: बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर नेहा कक्कड़ भले ही फिल्मों में अपने गाने से कहर न ढ़ा रही हो, लेकिन मेलबर्न में अपने कॉन्सर्ट को लेकर काफी चर्चा में बनी हुई हैं, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर विवाद होता नजर आ रहा है। अब करीब 3 से 4 दिन बाद सिंगर ने इसपर चुप्पी तोड़ी और सच क्या है उसे दुनिया से सामने लेकर आई। जैसे ही लोगों ने नेहा का पोस्ट देखा तो कई लोगों के मन से उनकी गलत धारणा खत्म हुई। आइए जानते है ऐसा नेहा कक्कड़ ने क्या कहा है।
लाखों लोगों के सामने रोईं नेहा
नेहा (Neha Kakkar) शुरुआत से ही विदेशों में अपने कॉन्सर्ट करती रही हैं और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। उन्होंने मेलबर्न में अपना कॉन्सर्ट किया। जहां वो 3 घंटे देरी से पहुंची थी। बस फिर क्या था नेहा को इस दौरान लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। लोगों की भीड़ ने उन्हें देखकर हूट किया और वापस जाने को कहा।
नेहा अपने चाहने वालों को ऐसा करते देख काफी परेशान और हैरान हो गई थी और उन्होंने स्टेज पर रोकर भीड़ से माफी मांगी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। अब नेहा ने खुलासा किया है कि उस दिन क्या-क्या झेलना पड़ा था। उन्होंने बताया कि मैनेजमेंट बिना भुगतान किए भाग गई और उनके बैंड को खाना, होटल या पानी जैसी बुनियादी ज़रूरतें भी नहीं दी गईं।
नेहा कक्कड़ का पोस्ट
सिंगर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘’वह 3 घंटे देरी से आईं, क्या उन्होंने एक बार भी पूछा कि उसके साथ क्या हुआ, उन्होंने उसके और उसके बैंड के साथ क्या किया? जब मैंने मंच पर बात की तो मैंने किसी को भी नहीं बताया कि हमारे साथ क्या हुआ क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि किसी को नुकसान पहुंचे क्योंकि मैं कौन होती हूं किसी को सजा देने वाली लेकिन अब जब यह मेरे नाम पर आ गया है, तो मुझे बोलना ही पड़ा। तो यह रहा!’
आगे नेहा ने कहा कि, ‘क्या आप सभी जानते हैं कि मैंने मेलबर्न के दर्शकों के लिए बिल्कुल मुफ़्त में परफॉर्म किया? आयोजक मेरे और दूसरों के पैसे लेकर भाग गए। मेरे बैंड को खाना, होटल और यहां तक कि पानी भी नहीं दिया गया। मेरे पति और उनके लड़के गए और उन्हें खाना दिया। इतना कुछ होने के बावजूद हम स्टेज पर गए और बिना किसी आराम या किसी और चीज के शो किया क्योंकि वहां मेरे फैंस घंटों तक मेरा इंतजार कर रहे थे।’
