Rhea Chakraborty: साल 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने अपने फ्लेट पर आत्महत्या कर अपनी जान ली थी। बीते दिनों इस मामले पर सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट भी दी और माना है कि सुशांत राजपूत की संदिग्ध मौत आत्महत्या ही थी।
बता दें, इस बीच एक्टर की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) पर भारतीय मीडिया ने आरोप लगाया था कि उनकी मौत के पीछे रिया का हाथ है। भारतीय मीडिया ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ अभियान चलाया था और उन्हें एक ड्रग अडिक्ट और कातिल के रूप में पेश किया था। सीबीआई की रिपोर्ट के बाद अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को पूरी तरह से इस केस से बरी कर दिया गया। ऐसे में अब अभिनेत्री से जी न्यूज के मालिक सुभाष चंद्रा ने माफी मांगी है।
क्या बोले सुभाष चंद्रा
शनिवार को जी न्यूज के मालिक सुभाष चंद्रा ने एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा, “सुशांत राजपूत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दायर कर दी है। मुझे लगता है ऐसा विश्वसनीय सबूतों के अभाव में हुआ है। अब अस्पष्टता की कोई जगह नहीं है। इसका मतलब ये है कि कोई मामला नहीं बनता है।”
चंद्रा ने अपनी इस पोस्ट में आगे लिखा- “पीछे मुड़कर सोचता हूं तो मुझे लगता है कि रिया को मीडिया ने अभियुक्त बनाया और मीडिया के इस नेतृत्व जी न्यूज ने अपने तत्कालीन संवाददाताओं और संपादकों के जरिए किया। जी न्यूज के मेंटर के रूप में मैं उनसे कहूंगा की बहादुरी दिखाएं और माफी मांगे। मैं रिया से माफी मांगता हूं, भले ही इसमें मेरी कोई भूमिका नहीं थी।”
क्या बोलीं अभिनेत्री
चंद्रा की इस पोस्ट पर अभिनेत्री का कोई जवाब नहीं आया है। बता दें, सीबीआई के इस फैसले के बाद रिया अपने पिता और भाई के साथ गणपति के दर्शन करने पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने पैपराजी के सामने हाथ जोड़े थे और शुक्रिया किया था।